फोटो-19-ईंधन बचाओ-भविष्य बचाओ का संदेश देने के लिए साइकिल रैली निकालते छात्र। स्रोत: शिक्षक
उन्नाव। उच्च प्राथमिक स्कूल के करीब 150 छात्रों ने शुक्रवार को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल रैली निकाली। यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पेट्रोल बचत’ संदेश से प्रेरित थी। छात्रों ने अपने और पड़ोसी गांवों में लोगों को पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत कम करने का संदेश दिया।
रैली का नेतृत्व शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने किया। रैली रामपुर से शुरू होकर लोधई, मीठेपुर तथा खड़उवा गांवों तक पहुंची। बच्चों ने साइकिलों पर ‘ईंधन बचाओ-भविष्य बचाओ’ और ‘कम धुआं-अधिक जीवन’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लगाए थे। बाल संसद की प्रधानमंत्री समरीन ने रैली की शुरुआत की घोषणा की। स्वच्छता मंत्री मोहिनी ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया। शिक्षा मंत्री आस्था ने ग्रामीणों से आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जागरूक होने की अपील की।
बच्चों ने ग्रामीणों को छोटी दूरी के लिए साइकिल या पैदल चलने की आदत विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए कार शेयरिंग अपनाने का भी सुझाव दिया। दिव्यांग छात्रा संध्या ट्राइसाइकिल से पूरी रैली में शामिल रहीं। छात्रा अल्फीसा ने साइकिल सीखकर विद्यालय आने का संकल्प लिया। रैली में अभिभावक, व्यापारी और ग्रामीण भी शामिल हुए।