बांगरमऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर शुक्रवार की सुबह सिरधरपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह मामा को लिवाने जा रहा था। हेलमेट नहीं लगाए था।
हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र के शाहपुर पवार गांव निवासी विश्राम पाल का बेटा दीपू (25) गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था। 10 दिन पहले ही घर आया था। मां सुनीता ने बताया कि बेटे से मिलने उसके मामा कन्नौज के उत्तरीपुरा निवासी कुलदीप आ रहे थे लेकिन रास्ता भटक गए। इस पर दीपू को फोन कर बुलाया था। दीपू बाइक लेकर उन्हें लेने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से देखते हुए जा रहा था।
बांगरमऊ कोतवाली के सिरधरपुर चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक में टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा बाइक सवार भाग निकला। मां ने बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा बेटा प्रदीप भी गुजरात में साथ काम करता है। उसे घटना की जानकारी दी गई है। बेटे की मौत से मां सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।