उन्नाव। गदनखेड़ा स्थित एक होटल के कमरे में सफाईकर्मी का रस्सी के फंदे से शव लटका मिला। दरवाजा न खुलने पर होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के सामने दरवाजा तोड़कर शव निकाला गया।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के हुसैननगर पट्टी निवासी विनोद कुमार (40) करीब तीन महीने से गदनखेड़ा स्थित होटल में काम करता था। बुधवार की रात उसने कमरे में फंदा लगा लिया। साथी श्रमिकों ने दरवाजा खटखटाया। न खुलने पर मालिक को सूचना दी। बृहस्पतिवार देर शाम छोटा भाई संजय आया तब पोस्टमार्टम हुआ। संजय ने बताया कि विनोद तीन भाइयों में बड़े थे। सात साल पहले पत्नी रजनी बेटी के साथ छोड़कर चली गई थी। बेटे की मौत से मां सुनीता और अन्य परिजन बेहाल हैं। अपराध निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है, परिजन शव लेकर चले गए।