उन्नाव। फतेउल्ला नगर में चोरों ने दो भाइयों के बंद घरों को निशाना बनाया। यहां से सात हजार रुपये और पांच लाख के जेवर चुरा ले गए। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर एसपी से शिकायत की है।
सदर कोतवाली के फतेउल्ला नगर निवासी मोहसिन ने बताया मैं और भाई मोबीन प्राइवेट नौकरी करते हैं। दोनों के अगल-बगल घर बने हैं। 19 अप्रैल की रात दोनों भाई परिवार के साथ जरूरी काम से गए थे। घर पर ताला बंद था। रात करीब दो बजे घर लौटे तो देखा दोनों घरों के ताले टूटे थे। अंदर जाकर देखा तो सामान गायब था। पीड़ित के मुताबिक चोर सोने का हार, बिंदियां, चार अंगूठी, सहित अन्य सामान चुरा ले गए। पीडित मोबीन ने बताया कि चोर सात हजार रुपये और दो लाख के जेवर ले गए। पीड़ित भाइयों ने पास में ही लगे टावर में तैनात कर्मचारी पर शक जताया है। पीड़ितों के मुताबिक पुलिस को सूचना दी गई, जांच भी की लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की। एसपी जयप्रकाश सिंह ने कोतवाल को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।