अचलगंज। गोदभराई की रस्म के बाद अज्ञात नंंबर से मंगेतर के मोबाइल पर युवती के खिलाफ आई चैट से दो जिंदगियां बर्बाद हो गईं। मृतक के पिता ने नंबर के आधार पर तहरीर देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी मृतक सूरज के पिता महेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बेटे के फोन पर अज्ञात युवक तीन अलग-अलग नंबरों से बेटे को फोन करने के साथ व्हाट्सएप पर मैसेज भेजता था। यही नहीं फोन से भी जानमाल कि धमकी देता था। बेटे को सुनसान जगह पर बात करने के लिए बुलाता था। इससे बेटा डर गया था। यही नहीं बेटे की जहां शादी तय हुई थी, उस युवती के खिलाफ भी बहुत गलत लिखता था। इसी से परेशान होकर 16 अप्रैल को बेटे ने खुदकुशी कर ली थी। बताया कि बेटे की शादी थानाक्षेत्र के ही मोहिद्दीनपुर निवासी संतोष लोधी की बेटी कोमल से तय हुई थी। 16 फरवरी को गोद भराई भी हो चुकी थी।
कोमल और सूरज फोन से बात किया करते थे। 16 अप्रैल को सुबह सूरज ने कोमल से काफी देर बात की और उसी के बाद आत्महत्या कर ली। मंगेतर के शव को देखने आई कोमल को सूरज के परिजनों ने भला बुरा कहा, यही नहीं घर में उसके साथ मारपीट भी हुई, इससे आहत होकर उसने भी जहर खा लिया था।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर कॉल डिटेल निकलवाकर युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।