औरास। औरास-मोहान मार्ग पर दूध डेयरी के पास पैदल जा रहे वृद्ध, वाहन की टक्कर से घायल हो गए। हालत गंभीर होने से सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया लेकिन परिजन घर लेकर चले गए। शनिवार को मौत हो गई।
कस्बा औरास के मोहल्ला चंद्रशेखर आजादनगर निवासी बाबूलाल (65) शुक्रवार दोपहर दुकान पर सामान खरीदने पैदल जा रहे थे। मोहान रोड पर दूध डेयरी के पास पहुंचे थे, तभी ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी और वह गंभीर घायल हो गए। परिजनों ने सीएचसी औरास में भर्ती कराया। डॉक्टर ने गंभीर घायल बाबूलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन परिजन घर लेकर चले गए। शनिवार सुबह बाबूलाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे ज्ञानचंद्र उर्फ गुड्डू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। (संवाद)