असोहा। बरौली-पुरवा मार्ग पर पिपरी गांव के मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार की मवेशी से टकराकर मौत हो गई। वह दो दिन पहले ही पंजाब से आया था। हादसे के वक्त हेलमेट नहीं लगाए था।
असोहा थाना क्षेत्र के डंडनापुर गांव निवासी सुनील कुमार (32) शनिवार सुबह बरौली चौराहे पर घूमने निकला था। करीब 11 बजे घर आते समय बरौली-पुरवा मार्ग पर पिपरी गांव के मोड़ के पास मवेशी से बाइक टकराने से सिर के बदल गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पिपरी प्रधान रामनरेश वर्मा ने सीएचसी भिजवाने के साथ पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई सुमेर कुमार ने बताया कि सुनील दो भाइयों में छोटा था। वह पंजाब में साेने के आभूषणों में पॉलिश करने का काम करता था। दो दिन पहले ही घर आया था। पति की मौत से पत्नी बालेश्वरी, मां रामेश्वरी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। दो बच्चों में आकाश और बेटी बबली है। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि मवेशी से टकराने से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।