पुरवा। कंबाइन मशीन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठा चचेरा भाई घायल हो गया। उसको सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली क्षेत्र के लालाखेड़ा गांव निवासी संदीप (22) पुत्र कल्लू दिल्ली में कपड़े की दुकान में काम करता था। परिवार में शादी होने से वह पांच दिन पहले आया था। साथ रहे चचेरे भाई अंकित (25) ने बताया कि शुक्रवार रात 10 बजे बाइक से बुआ के घर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव जंसार जा रहे थे। पुरवा-दही मार्ग पर मंगतखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कंबाइन मशीन ने टक्कर मार दी। संदीप की मौके पर मौत हो गई। संदीप की मौत से पिता कल्लू , दादी शकुंतला सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। कंबाइन मशीन का पता लगाया जा रहा है।