फोटो-10- हाईवे पर वाहन की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त डंपर। संवाद
सोनिक। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर दही थानाक्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास शुक्रवार की सुबह तीन बजे डंपर का टायर फट गया। इससे बेकाबू डंपर कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर पुल से लटक गया। इस दौरान दो अन्य वाहन भी टकरा गए। हादसे में डीसीएम चालक और क्लीनर घायल हो गए। इस दौरान करीब एक घंटे जाम की स्थिति बनी रही।
कानपुर की तरफ जा रहे डंपर का टायर अचानक फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ता हुआ दूसरी लेन पर पहुंच गया। वहां वह दूसरे डंपर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर आधा पुल पर लटक गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम भी क्षतिग्रस्त डंपर से भिड़ गई। डीसीएम चालक बरेली जिले के बारीपुरा थानाक्षेत्र के शेरगढ़ निवासी उवेश और क्लीनर वीरपाल गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। दही चौकी पुलिस ने पुल के बगल बनी सर्विस लेन से वाहनों को निकालना शुरू किया। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि सभी वाहनों को हटवा दिया गया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।