फोटो-22- रुपये मिलने के बाद रिफंड स्लिप दिखातीं पीड़िता विनीता द्विवेदी। स्रोत: पुलिस
उन्नाव। मेट्रोमोनियल साइट पर शादी के नाम पर की गई 75 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर टीम ने पीड़िता के खाते में 35.11 लाख रुपये वापस कराए हैं। शेष धनराशि की वापसी के प्रयास जारी हैं।
सदर कोतवाली के सिविल लाइन मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त प्रोफेसर विनीता द्विवेदी ने अपनी डॉक्टर बेटी की शादी के लिए मेट्रोमोनियल साइट पर लड़का देखा था। लड़के के पिता ने शादी के अलग-अलग संस्कारों के नाम पर उनसे 75,11,353 रुपये विभिन्न माध्यमों से अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। रुपये देने के करीब 45 दिन बाद उन्हें ठगी का पता चला। 17 जनवरी 2026 को उन्होंने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी से ली गई धनराशि को पीड़िता के संबंधित खातों में फ्रीज कराया। इसके बाद संबंधित बैंक के जरिए पत्राचार कर 35,11,101 रुपये पीड़िता के खाते में वापस कराए। प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक ने बताया कि शेष धनराशि को भी वापस कराने का प्रयास किया जा रहा है।