नवाबगंज (उन्नाव)। सुदर्शनखेड़ा गांव में छप्पर में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से तीन साल की बच्ची की झुलसकर मौत हो गई।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सुदर्शनखेड़ा गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया कि पत्नी लक्ष्मी बुधवार की रात तीन साल की बेटी लाडो को घर में बिस्तर पर सुलाकर मोहल्ले में ही चल रहे छठी कार्यक्रम में गई थीं। इसी दौरान घर में जल रही मोमबत्ती गिरी और फूस की झोपड़ी में आग पकड़ ली और छप्पर तक पहुंच गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बिस्तर पर सो रही मासूम लाडो गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। आनन-फानन में परिजन बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। दवा लेकर घर आने पर उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से मां लक्ष्मी, पिता संदीप सहित अन्य परिजन बेहाल हैं।