सोनिक। पीतांबरनगर भाग दो स्थित प्राइवेट कर्मी के घर के गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर अलमारी और बक्से का ताला तोड़ लाखों का पार कर दिया। पीड़ित के अनुसार करीब पांच लाख कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में चार नकाबपोश दिखे हैं। एक के हाथ में तमंचा भी दिख रहा है।
दही थानाक्षेत्र के पीतांबर नगर भाग दो निवासी विपिन मिश्रा मूलतः बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के गोपीबेहटा के रहने वाले हैं। रविवार की सुबह वह काम से गांव गए थे। घर पर ताला बंद था। मंगलवार सुबह पड़ोसी ने ताला टूटा देखा तो उन्हें सूचना दी। जब वह घर आए और अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले टूटे थे। अलमारी और बक्से में रखा सामान बेड और जमीन पर बिखरा था। पीड़ित के मुताबिक चोर करीब पांच लाख का जेवर ले गए। घर के पास लगे सीसीटीवी में चार चोर नजर आए हैं। सभी नकाबपोश हैं, उसमें एक हाथ में तमंचा लिए हैं। औद्योगिक चौकी प्रभारी पंकज सोनकर ने बताया कि चोरी की जानकारी नहीं है।