फोटो-15-चोरों द्वारा तोड़ गया सराफा दुकान का शटर। संवाद
नवाबगंज। सोहरामऊ कस्बे में बुधवार की रात थाने से 300 मीटर दूर हाईवे किनारे स्थित सराफा की दुकान में नकाबपोश चोरों ने चोरी करने की कोशिश की। आहट पर पड़ोसियों ने शोर मचाया तो चोर भाग गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
सोहरामऊ कस्बा निवासी अमरजीत रावत की कस्बे में ही हाईवे किनारे सराफा की दुकान है। बुधवार की रात नकाबपोश चोर दुकान के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। रात करीब दो बजे आहट पर पड़ोस में रहने वाले लोगों की नींद खुल गई। लोग शोर मचाते हुए घरों से निकल आए तो चोर भाग निकले। सूचना पर सराफा व्यापारी अमरजीत पहुंचे और यूपी-112 पर सूचना दी। पीआरवी ने जांच की। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोगों ने बताया कि थाने के पास होने के साथ ही कस्बे में मुख्य बाजार और पांच बैंक हैं लेकिन पुलिस की गश्त केवल कागज पर ही रहती है। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।