फोटो-14- स्कूल में लगे सोलर पैनल का नारियल फाेड़कर शुभारंभ करतीं छात्रा खुशी और उपासना। स्रोत:
- फोटो : 1
उन्नाव। औरास का रामपुर गढ़ौंवा उच्च प्राथमिक स्कूल जिले का पहला ऐसा विद्यालय बन गया है जो सौर ऊर्जा से रोशन होगा। स्कूल की उत्कृष्ट शैक्षिक गुणवत्ता, खेल उपलब्धियों और नवाचारों से प्रभावित होकर रघुनंदन सोलर कम्युनिकेशन संस्था ने यह पैनल लगवाए हैं।
सहायक शिक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने के लिए उन्होंने बीईओ की स्वीकृति प्राप्त कर संस्था को अनुमोदन पत्र दिलवाया। इसके बाद ये पैनल लग पाए। छात्राओं खुशी और उपासना ने नारियल फोड़कर इसका शुभारंभ किया। बटन दबाकर सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन की शुरुआत की। कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र और अभिभावक भी उपस्थित रहे। नए सत्र में इस नई व्यवस्था के साथ ही कक्षा आठ उत्तीर्ण छात्रों की विदाई और नए छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई। उत्तीर्ण छात्रों को उपहार भी भेंट किए गए।
शिक्षक ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृत स्टेडियम, ओपन जिम, एमडीएम शेड और झूलों के कार्य भी शीघ्र ही पूरे होंगे। सोलर पैनल लगने से अब बिजली की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इससे स्मार्ट कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी। साथ ही, विद्यालय की डिजिटल व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।