फोटो-11-कोतवाली के बाहर प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान संगठन के लोगों से बात करते सीओ अरविंद चौरस
सनगंज। लखनऊ पढ़ने गई छात्रा 21 दिन पहले लापता हो गई थी। उसका पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इससे नाराज परिजनों ने सोमवार को भारतीय किसान संगठन के नेताओं के साथ कोतवाली परिसर का घेराव किया।
भारतीय किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रज्जन अवस्थी के नेतृत्व में 20 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ छात्रा का भाई कोतवाली पहुंचा। पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रा के भाई ने नौ मार्च को पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। उसमें बताया था कि उसकी बीए की छात्रा बहन का राजाजीपुरम स्थित कॉलेज से लौटते समय अपहरण कर लिया गया। मलिहाबाद गांव निवासी दिवाकर पर अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
किशोरी के भाई ने आरोप लगाया कि विवेचक रामौतार 21 दिन बीतने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाए हैं और न ही बहन का पता लगा पाए हैं। नारेबाजी देख सीओ अरविंद चौरसिया मौके पर पहुंचे। परिजनों से बात कर जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। सीओ ने किशोरी को कब्जे में लेने का भी आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सीओ को सौंपा जिसमें जल्द कार्रवाई की मांग की गई।