उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर गहरा के पास सोमवार देर शाम वाहन की टक्कर से बाइक सवार अंकित साहू (27) की मौत हो गई। अंकित साहू गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गंगानगर निवासी थे। वह कानपुर के सर्राफा बाजार में काम करते थे। सोमवार देर शाम वह रिश्तेदार ओम साहू से मिलने जा रहे थे। अचलगंज थानाक्षेत्र के गहरा के पास उनकी बाइक को एक वाहन ने टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर भाग गया। गंभीर रूप से घायल अंकित को रिश्तेदार एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंकित हेलमेट लगाए हुए थे। उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अचलगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।