उन्नाव। ईदगाह पत्थर कॉलोनी में छह माह की गर्भवती अनुराधा बृहस्पतिवार रात घर में फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया जिसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई और वह छह महीने की गर्भवती भी पाई गई।
बारासगवर थानाक्षेत्र के राजापुर पिपरहा निवासी कन्हैया शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी अनुराधा (35) की शादी आठ साल पहले शुभम शर्मा से हुई थी। उन्होंने शादी में दहेज भी दिया था, लेकिन ससुरालीजन उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार पुलिस के माध्यम से समझौता भी हुआ था। पिता ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर वह बेटी के घर आए थे, जिसके बाद सीतापुर काम से चले गए। रास्ते में बेटी का फोन आया कि दामाद शुभम ने फिर विवाद किया है।
रात में समधी चंद्रपाल ने अनुराधा के पिता को फोन कर फंदे पर लटके शव की सूचना दी। पिता देर रात बेटी के घर पहुंचे, तब तक शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा जा चुका था। उन्होंने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप दोहराया है। अनुराधा के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि पिता द्वारा तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।