उन्नाव। यूपीबोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में दोनों पालियों में कठिन विषयों का पेपर होने से शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ सचल दल भी सक्रिय रहा। इस दौरान कोई सॉल्वर या नकलची तो नहीं पकड़ा गया लेकिन छात्र गणित के सवालों और विज्ञान के प्रश्नों में उलझकर रह गए। दोनों ही पालियों में कठिन प्रश्नपत्र आने से छात्र पसीना बहाते रहे।
जिले के 122 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल में सुबह की पाली में छात्रों का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों की भौतिक और सैन्य विज्ञान की परीक्षा थी। दोनों पालियों में कठिन विषय के पेपर होने से सचल दल, स्टैटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की गाड़ियां दौड़ती रहीं। छह संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर खास तौर पर निगाहें रहीं, हालांकि शासन स्तर से कोई भी सचल दल नहीं आया। डीआईओएस ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के 10 कंप्यूटरों से जुड़े सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों की गतिविधि जांच कराई। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की लाइव स्ट्रीमिंग पर अधिक सतर्कता दिखाई गई। इंटरमीडिएट के छात्रों की भौतिक विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 20,687 छात्रों में 19,975 उपस्थित रहे, 712 ने परीक्षा छोड़ दी। सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 168 के सापेक्ष 157 छात्र उपस्थित रहे और 11 अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल के छात्रों की गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 28,040 छात्रों के सापेक्ष 26,647 छात्रों ने परीक्षा दी, 1393 छात्र अनुपस्थित रहे।
डीआईओएस सुनील दत्त ने बताया कि दोनों पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा निपट गई। कहीं कोई नकलची और सॉल्वर नहीं पकड़ा गया।