सफीपुर (उन्नाव)। मियागंज-सफीपुर मार्ग पर गौरी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार बुआ, भतीजे और भतीजी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया, वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक बाइक सवार के सीएचसी पहुंचे परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज न करने का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। बाइक चालक हेलमेट लगाए थे।
औरास थानाक्षेत्र के लालताखेड़ा गांव निवासी छोटेलाल (25) पुत्र रामचंद्र यादव बाइक पर बहन मालती (35) पत्नी पुरुषोत्तम और बड़े भाई रामनरेश के पुत्र कृष्णा (7) और भतीजी नैना (5) को बैठाकर फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के जमुनिहाकच्छ गांव में दूसरी बहन प्रीती के घर भांजे अयांश के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। दूसरी बाइक पर पीछे छोटा भाई राहुल अन्य परिजनों के साथ आ रहा था। मियागंज-सफीपुर मार्ग गौरी गांव के पास आसीवन थानाक्षेत्र के उत्साह गांव निवासी बाइक सवार बसंत (35) की बाइक से छोटेलाल की बाइक टकरा गई। घटना में सभी पांच लोग घायल हो गए।
पीछे चल रहे छोटेलाल के छोटे भाई राहुल ने एंबुलेंस से घायलों को सफीपुर सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने बाइक चालक छोटेलाल को मृत घोषित कर दिया। बहन, दोनों भतीजों और दूसरी बाइक सवार बसंत की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में बसंत की भी मौत हो गई। सीएचसी पहुंचे छोटेलाल के परिजनों ने इलाज न करने का आरोप लगा हंगामा भी किया। पुलिस ने सभी को शांत कराया।
छोटे भाई राहुल ने बताया कि छोटेलाल बंगलुरू में मजदूरी करते थे। 15 दिन पहले घर आए थे। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। एसओ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मातम में बदली खुशियां
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव जमुनिहाकच्छ निवासी प्रीती के घर में बच्चे के जन्मदिन को लेकर खुशियां थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था। जश्न का माहौल था। जैसे ही छोटे भाई छोटेलाल की मौत और बहन मालती और दो बच्चों के गंभीर घायल होने की खबर पहुंची, खुशियां मातम में बदल गईं। कार्यक्रम शुरू होने से पहले समाप्त हो गया। रिश्तेदार सफीपुर सीएचसी के लिए निकल गए।
अहमदाबाद में काम करता था बसंत
दूसरी बाइक सवार मृतक बसंत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। वह मुंबई के अहमदनगर में सीमेंट के उपकरण बनाने का काम करता था। सोमवार सुबह ही घर आया था। घर आने के बाद बाइक से सफीपुर काम से आया था, घर जाते समय घटना हो गई। बेटे की मौत से मां कांती देवी, बड़ा भाई सोनेलाल, बहन प्रेमा देवी बेहाल हैं।