फोटो-10-कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय स्कूल में ‘डायरिया से डर नहीं’’ कार्यक्रम में बनाया पोस्टर
उन्नाव। ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत बिछिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में आशना और स्लोगन प्रतियोगिता में सलोनी ने पहला स्थान हासिल किया।
बीएसए शैलेष कुमार पांडेय और सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सतीशचंद्र पांडेय की उपस्थिति में पोस्टर प्रतियोगिता हुई जिसमें 32 छात्राओं ने भाग लिया। कक्षा सात की आशना प्रथम, कक्षा आठ की अंशिका द्वितीय और अनन्या तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा आठ की सलोनी प्रथम, कक्षा सात की वर्तिका द्वितीय और कक्षा आठ की आसनी तृतीय रहीं।
स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ मनीषा शर्मा ने डायरिया के कारणों और रोकथाम पर विस्तार से जानकारी दी। बताया कि दूषित जल, अशुद्ध हाथों से भोजन बनाना और उसका सेवन, खुले में शौच और मल के अनुचित निपटान से बच्चे डायरिया का शिकार होते हैं। उन्होंने भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से धोने, छह माह से ऊपर के बच्चों को स्तनपान के साथ स्वच्छ पानी पिलाने और छह माह से कम उम्र के बच्चों को केवल स्तनपान कराने की सलाह दी।
पीएसआई इंडिया के मैनेजर गजेंद्र सिंह ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कई अन्य अधिकारी और शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।