अचलगंज। लोहचा-आजाद मार्ग पर बंथर गांव के पास गेस्ट हाउस के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे 21 वर्षीय श्रमिक अजय की मौके पर ही मौत हो गई। अजय अपनी बहन के घर से लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजय ने हेलमेट नहीं पहना था।
थानाक्षेत्र के जालिमखेड़ा गांव निवासी अजय, बंथर स्थित फैक्टरी में मजदूरी करता था। वह पिता के साथ खेती में भी हाथ बंटाता था। सोमवार दोपहर वह बाबूखेड़ा गांव स्थित बहन के घर से लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। चालक घटना के बाद ट्रक सहित मौके से भाग गया।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।