फोटो-31- फैक्टरी गेट पर मौजूद ग्रामीण और पुलिस। स्रोत: वीडियो
सोनिक। दही-मोहलालगंज मार्ग पर जाफरखेड़ा गांव के पास दो दिन पहले हुई मार्ग दुर्घटना में घायल ऑपरेटर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर सीधे फैक्टरी गेट पहुंचे और मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ प्रबंधन से बात की और तीन लाख रुपये मुआवजा दिलवाकर मामला शांत कराया।
दही थानाक्षेत्र के झब्बाखेड़ा गांव निवासी हरिशंकर ने बताया कि उनका छोटा भाई रामू (32) दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र साइड दो में कुत्ते के बिस्किट बनाने वाली फैक्टरी में मशीन चलाता था। छह फरवरी को वह सुबह घर से काम पर निकला था। फैक्टरी में काम अधिक होने से वहीं रुक गया। तीन दिन बाद आठ फरवरी को घर लौट रहा था। दही-मोहलालगंज मार्ग पर जाफरखेड़ा गांव के पास वाहन की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गया था। पुलिस ने उसे बिछिया सीएचसी में भर्ती कराया था, बाद में परिजन निजी अस्पताल लेकर चले गए थे।
मंगलवार दोपहर बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर फैक्टरी पहुंचे और गेट पर रख हंगामा करने लगे। पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन से बात कर पत्नी संतोषी के नाम 2.75 लाख की चेक और 25 हजार अंतिम संस्कार के दिलाए , तब सभी शांत हुए। एक बेटा कल्लू दो साल का है। पिता रामप्रकाश किसान हैं। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने आपसी समझौता कर लिया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।