अचलगंज। गौरी गांव में गेहूं की बोरी लादकर नाला पार रहा पल्लेदार बोरी सहित नाले में गिर गया। इससे सिर में गंभीर चोट लग गई। भाई का आरोप है कि साथ लेकर गया व्यापारी इलाज कराने की बजाय घर छोड़कर भाग गया। छोटे भाई ने ई-रिक्शा से सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
अचलगंज कस्बे के रामेश्वर वार्ड निवासी शिवराम लोधी (50) पल्लेदारी करते थे। छोटे भाई राधेश्याम ने बताया कि रविवार को कस्बे के ही गल्ला व्यापारी श्यामू गुप्ता बोरी लदवाने भाई को गौरी गांव निवासी शिवराम और देवकृष्ण यादव के घर लेकर गए थे। घर के सामने नाला होने से लोडर गांव के ही बोदे के दरवाजे खड़ा था। भाई शिवराम गेहूं की बोरी लोडर में लाद रहे थे।
नाला पार करते समय पैर फिसलने से नाले में गिर गए। गेहूं की बोरी गिरने से सिर में गंभीर चोट लग गई। गल्ला व्यापारी उनका इलाज कराने की बजाय घर छोड़कर चला गया। पता चलने पर भाई को ई-रिक्शा से सीएचसी लाए। डॉक्टर ने हालत गंभीर बता जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में भाई की मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी ऊषा, बेटा बालकृष्ण, बेटी कुमकुम बेहाल हैं। पत्नी ऊषा की डायलिसिस चल रही है। थानाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।