उन्नाव। पहलीखेड़ा गांव में श्रमिक का शव घर में फंदे से लटका मिला, पुलिस ने जांच की तो पत्नी ने घर की आर्थिक स्थित ठीक न होने और शराब का लती होने की जानकारी दी।
सदर कोतवाली के गांव पहलीखेड़ा निवासी जगजीवन रैदास (58) दही चौकी स्थित एक जूता बनाने वाली फैक्टरी में काम करते थे। पत्नी माया ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को वह कोटे पर राशन का सामान लेने गई थी। घर पर पति और दो बेटियां थीं। बेटियां घर के बाहर थीं, तभी मौका पाकर पति ने यह कदम उठा लिया।
बेटियां जब घर गईं तो पिता को लटका देख कोटे पर बताने आईं तब पता चला। माया ने बताया कि पति की शराब की लत ने घर को उजाड़ कर रख दिया। चार बेटियां होने से पहले तो उनके पालन-पोषण में दिक्कत आई। जैसे-तैसे दो की शादी की, दो का अभी भी विवाह होना है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि पत्नी की सूचना पर शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।