बांगरमऊ। तहसील परिसर में एक स्टांप वेंडर के काउंटर का ताला तोड़कर चोरों ने बैटरी और लाइसेंस सहित अन्य सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी पर अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
नगर के संडीला मार्ग निवासी अमन तिवारी की तहसील परिसर में स्टॉप बिक्री की दुकान है। बृहस्पतिवार रात चोर ने काउंटर का ताला काट कर उसमें रखी इन्वर्टर बैटरी, लाइसेंस व अन्य सामान पार कर दिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी हुई तो अधिवक्ताओं ने पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं ने मांग की है कि तहसील परिसर सीसीटीवी कैमरे और कम से कम दो सिपाही तैनात किए जाएं। वहीं स्टांप वेंडर अमन ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अखिलेश पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।