अचलगंज। खेत में सिंचाई कर रहे किसान को जहरीले कीड़े ने काट लिया। परिजन पहले झाड़फूंक में पड़े रहे। देर शाम जिला अस्पताल लेकर गए वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के बालाकटरी गांव निवासी राजू (50) बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे गेहूं के खेत में सिंचाई कर रहा था। खेत में बने एक गड्ढे से पानी जमीन के अंदर जा रहा था जिसे रोकने के लिए राजू ने पैर से मिट्टी दबाने की कोशिश की। गड्ढे में छिपे जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। इससे राजू बेहोश हो गए। साथ काम कर रहे परिजन पहले झाड़फूक में पड़े रहे। देर शाम जिला अस्पताल लाए, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पति की मौत से पत्नी दुर्गा देवी और बच्चों में अंकुश और अनीश हैं। छोटे भाई रामकुमार ने बताया कि राजू खेती करने के साथ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।