सफीपुर। चौधरीखेड़ा गांव में नशे में घर पहुंचे युवक ने परिजनों की डांट से आहत होकर जहर खा लिया। मियागंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई।
आसीवन थाना के चौधरीखेड़ा निवासी विश्वपाल (45) बृहस्पतिवार शाम छह बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर परिजनों ने उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन विश्वपाल को मियागंज सीएचसी लाए। डॉ. अभिषेक चक्रवर्ती ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजन शव लेकर घर लौट आए, शुक्रवार की दोपहर एक बजे पुलिस को सूचना दिए बिना गांव के बाहर खेत में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विश्वपाल मजदूरी करता था। तीन बेटियों में ज्योति का विवाह हो चुका है। शालिनी और छोटी सोनाक्षी है। पति की मौत से पत्नी सुमन और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है।