सफीपुर। पिपरी गांव में शनिवार की रात युवक ने घरेलू कलह में जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।
आसीवन थाना क्षेत्र के पिपरी गांव की सियादुलारी ने बताया कि बेटे महेश (40) ने शनिवार की रात घरेलू झगड़ों के चलते गुस्से में आकर जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर पता चला तो सीएचसी ले गए। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल फिर वहां से कानपुर हैलट भेज दिया गया था। रविवार की देर शाम हैलट में डॉक्टर ने भी गंभीर बताते हुए जवाब दे दिया था। मौत के बाद कहीं पोस्टमार्टम के लिए न भेजा जाए इसलिए परिजन उसे घर ले आए थे।
कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से मां के साथ पत्नी दुलारी, बेटी राधिका, बेटे अनिकेत और विपिन बेहाल हैं। मां ने बताया कि बड़ा बेटा दस साल पहले लापता हो गया था। उसका आज तक पता नहीं चला। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि परिजनों ने घटना की जानकारी नहीं दी है।