बीघापुर। बिहार थानाक्षेत्र के एक गांव में 16 दिसंबर को खेत गई अनुसूचित जाति की छात्रा की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मृतका के परिवार के ही भाई ने दुष्कर्म में असफल होने पर दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी थी। हत्यारोपी ने बताया कि वह छात्रा से प्यार करता था, लेकिन वह विरोध करती थी, इसलिए उसे मार दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।
एक गांव निवासी कक्षा चार की छात्रा की मंगलवार की हत्या कर दी गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम में गला कसने से मौत की पुष्टि होने के साथ दुष्कर्म की आशंका पर स्लाइड बनाई गई थी। घटना के खुलासे में जुटी पुलिस को पता चला कि मृतका का पारिवारिक भाई सोमवार को बसहा तालाब में मछली पकड़ने दोस्तों के साथ गया था। रात भर वहीं रुकने के बाद मंगलवार को घर देरी से पहुंचा था। पुलिस ने उसे उठाया तो उसने बताया कि वह छात्रा से काफी समय से प्यार करता था लेकिन वह बेरुखी दिखा रही थी। कई बार दोनों में कहासुनी भी हुई। वह घर बताने की धमकी देती थी।
आरोपी के मुताबिक सोमवार को वह बसहा तालाब पर मछली पकड़ने दोस्तों साथ गया था। रात में वहीं झोपड़ी में रुक गया। मंगलवार सुबह तालाब से घर आ रहा था तभी सामने से छात्रा को आते देख उससे बात करने का प्रयास किया तो उसने विरोध किया। इस पर उसे झाड़ियों में घसीटकर दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके विरोध करने पर गुस्से में आकर दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद घटनास्थल से 250 मीटर दूर दुकान पर गया और वहां से मसाला लिया और देरी से घर पहुंचा जिससे किसी को शक न हो।
बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश पासवान, श्रीनारायण पाल, नितिन पटेल, सुखलाल पासी, सतेंद्र कुमार यादव मृतका के घर पहुंच परिजनों को सांत्वना देने के साथ ही आर्थिक मदद की। थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि हत्यारोपी को न्यायालय में पेशन करने के बाद जेल भेजा गया है।