उन्नाव। नूरुद्दीन नगर मोहल्ले में जल रहे अलाव में पैर लगने पर हुए विवाद में युवक की हत्यारोपी को पुलिस ने शुक्रवार सुबह पांच बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के मोहल्ला नुरुदीनगर निवासी तुफैल अहमद (22) की 10 दिसंबर की रात सड़क पर जल रहे अलाव की लकड़ी में पैर लग जाने से पड़ोसी रहमत अली से विवाद हो गया था। आरोप है कि रहमत अली ने उसके सिर में डंडे से कई वार कर हत्या कर दी थी। ताऊ शकील अहमद की तहरीर पर रहमत अली के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। घटना के बाद से हत्यारोपी फरार था।
पुलिस को बृहस्पतिवार की रात सूचना मिली कि आरोपी रघुनाथ खेड़ा स्थित बाग में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में गोली बाएं पैर में लगने से आरोपी घायल हो गया। हत्यारोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका इलाज कराने के बाद जेल भेजा है।
पूछताछ में रहमत अली ने बताया कि उसके तुफैल के घर से पारिवारिक संबंध हैं। भूखे होने पर वहां खाना भी खा लेता था। बिजली न आने पर उसके यहां इन्वर्टर से मोबाइल भी चार्ज करता था, वह उसे मारना नहीं चाहता था। बताया कि तुफैल ने जानबूझकर अलाव की लकड़ी में पैर मारा था, इस पर उसे धक्का दिया था। तुफैल ने पहले घूसे मारे तो गुस्से में घर से डंडा लाकर तुफैल की पीठ पर मारना चाहा लेकिन वह सिर पर पड़ गया। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि पैर में गोली लगने से घायल हुए हत्यारोपी का इलाज कराने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।