असोहा। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर कालूखेड़ा गांव पास कार की टक्कर से बाइक सवार लखनऊ निवासी युवक की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह हेलमेट लगाए था।
लखनऊ के मोहनलालगंज थाना के रानीखेड़ा गांव निवासी नागेंद्र यादव (40) रविवार देर शाम अपनी ससुराल असोहा थाना क्षेत्र के गांव खुजुहाखेड़ा गया था। रात करीब नौ बजे लखनऊ लौटते समय मौरावां-मोहनलागंज मार्ग पर कालूखेड़ा में एक ढाबे के पास सामने से आ रही तेज कार की टक्कर से घायल हो गया। राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बड़े भाई राघवेंद्र और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। बड़े भाई ने बताया कि नागेंद्र प्राइवेट नौकरी करता था। उनकी पत्नी ममता सहित पूरा परिवार बेहाल है। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि भाई राघवेंद्र की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।