उन्नाव। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दरोगा बाग के पास पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल राजमिस्त्री की मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था। भाग रहे चालक को ट्रैक्टर सहित पुलिस ने पकड़ लिया है।
सदर कोतवाली के सिंघूपुर गांव निवासी हरिशंकर (45) राजमिस्त्री थे। शनिवार की सुबह बाइक से काम पर गए थे। दामाद पंकज ने बताया कि काम के बाद शाम करीब 6:30 बजे वह घर लौट रहे थे। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दरोगाबाग के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। वहां मौजूद पीआरवी ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पति की मौत से पत्नी गीता और बच्चों में एक बेटी और तीन बेटे बेहाल हैं।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। ट्रैक्टर सहित चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।