उन्नाव। कांशीराम काॅलोनी में युवक का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय वह घर में अकेला था। परिजन शादी समारोह में गए थे। परिजनों ने ठेकेदार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम काॅलोनी निवासी दिनेश (28) मांगलिक कार्यक्रमों में हलवाई के साथ सहयोगी का काम करता था। सोमवार की रात उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय परिजन गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव निवासी रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। मंगलवार सुबह घर आई मां फूल कुमारी ने बेटे को फंदे से लटका देखा।
पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल लाई, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई राजेश ने बताया कि दिनेश कालोनी के एक ठेकेदार के साथ कैटरिंग का काम करता था। सोमवार को उसी से रुपये मांगने गया था। ठेकेदार ने भाई को पीटा था। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया। दिनेश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। कोतवाल मौके पर पहुंचे तो परिजनाें ने बताया कि दिनेश की दिल्ली में रहने वाली बहन के आने के बाद ही अंतिम संस्कार होगा।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उनमें अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। बहन के आने का इंतजार किया जा रहा है, उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।