नवाबगंज। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोमवार की सुबह, गलत दिशा (लेन) से आ रहे डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार प्राइवेट कर्मी की मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के सराय इंदल गांव निवासी कन्हैयालाल (55) परिवार के साथ कानपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। सोमवार की सुबह स्कूटी से अपने गांव सराय इंदल जा रहे थे। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर मिश्रीगंज गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने एंबुलेंस से घायल को नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। बेटे गौरव ने बताया कि मां मांडवी की दो साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। वह पत्नी और पिता के साथ कानपुर में रहता था।
कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि डंपर कब्जे में है, चालक भाग निकला। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।