बांगरमऊ (उन्नाव)। एक गांव में सोमवार की रात डीजे पर डांस के दौरान वर और वधू पक्ष के लोगों में मारपीट हो गई। इसमें दूल्हे सहित छह लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले गए। वहां से दूल्हे सहित दो को रेफर कर दिया गया। घटना के बाद जयमाल के बाद की रस्में पूरी नहीं हुईं और बरात बिना दूल्हन के ही लौट गई। पुलिस ने वर पक्ष के दो लोगों को कोतवाली में बैठाया है। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
बांगरमऊ कोतवाली के एक गांव निवासी युवती की शादी सीतापुर जिले के नैमिषारण्य कोतवाली क्षेत्र के गयावर गांव निवासी सुमित पुत्र कैलाश से तय हुई थी। सोमवार की शाम बरात आ गई थी। वधू के भाई ने बताया कि बरात में भोजन और जयमाल के दौरान वर पक्ष के कुछ युवक नशे में डीजे पर डांस करते हुए वधू पक्ष के लोगों से अभद्रता करने लगे। बार-बार गाना बदलवाते रहे। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई।
बीच बचाव करने में दूल्हा सुमित (25), अजय (20), रमन (25), सचिन (26), उमेश (20) और अंकित (30) घायल हो गए। यूपी-112 पर सूचना देने पर पुलिस आई और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। सुमित और अजय को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन दोनों का निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। दूल्हे के घायल होने से विवाह की रस्में पूरी नहीं हो सकीं। इससे बरात भी लौट गई। पुलिस ने वर पक्ष के दो लोगों को कोतवाली में रोका है।
कोतवाल अनुराग सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस गई थी। डांस करने के दौरान विवाद में मारपीट हुई है। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।