उन्नाव। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित गणित ओलंपियाड 2025 का परिणाम घोषित कर दिया गया। 165 छात्रों में चार ने शत प्रतिशत और एक ने 96.66 प्रतिशत अंक हासिल किया।
गणित में छात्रों काे आगे बढ़ाने के लिए ओलंपियाड कराया गया था। पहले स्कूल स्तर पर छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर परीक्षा कराई गई। प्रत्येक ब्लॉक से सफल 10 छात्रों को जिलास्तर पर प्रतिभाग करने का मौका दिया। 11 नवंबर को जिले स्तर पर डायट में हुई प्रतियोगिता में 165 छात्रों ने परीक्षा दी।
रिजल्ट घोषित करने वाले डायट के गणित प्रवक्ता दिनेश कुमार ने बताया कि मियागंज ब्लॉक के सरंभा उच्च प्राथमिक स्कूल के छात्र शिवम वर्मा, हसनगंज ब्लॉक के कंपोजिट दयालपुर के छात्र अरुण कुमार, बांगरमऊ ब्लॉक के गोसाईंखेड़ा उच्च प्राथमिक स्कूल के छात्र रत्नेश और इसी स्कूल के कार्तिकेय ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। मियागंज ब्लॉक के सरंबा उच्च प्राथमिक स्कूल की छात्रा कालिंद्री ने 96.66 फीसदी अंक हासिल किए हैं। परीक्षा में कक्षा छह से आठ तक छात्रों को शामिल किया गया था। परिणाम जारी होते ही विद्यालयों में खुशी का माहौल है। गणित ओलंपियाड का उद्देश्य बच्चों की तार्किक क्षमता, विश्लेषण कौशल और समस्या-समाधान की योग्यता को मजबूत करना है। जल्द ही शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।