फोटो-12- आरजू उर्फ राजू (फाइल फोटो)
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जोगीकोट गांव के पास चालक को झपकी आने से प्याज लदी डीसीएम बेकाबू होकर सड़क पर खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गई। हादसे में डीसीएम के खलासी की मौत हो गई जबकि चालक की हालत गंभीर है। यूपीडा ने क्रेन से डीसीएम को एक्सप्रेसवे से हटाया। इस दौरान करीब दो घंटे यातायात प्रभावित रहा।
इटावा जिले के थाना व कस्बा यशवंतनगर निवासी चालक राजीव कुमार सिंह (32) पड़ोसी खलासी आरजू उर्फ राजू (20) पुत्र अखिलेश कुमार के साथ मध्यप्रदेश से डीसीएम में प्याज लादकर लखनऊ जा रहा था। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के जोगीकोट गांव के पास तड़के चार बजे चालक को झपकी आ गई। करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही डीसीएम सड़क पर खड़े टैंकर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का केबिन पूरी तरह पिचक गया और खलासी केबिन में दबकर फंस गया।
पीआरवी ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक और खलासी को केबिन से निकाला और बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने खलासी आरजू को मृत घोषित कर दिया। चालक का उपचार चल रहा है। घायल चालक राजीव ने बताया कि आरजू का विवाह नहीं हुआ था। वह तीन भाइयों में छोटा था। बेटे की मौत से मां सुनीता और अन्य परिजन बेहाल हैं।
थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार डीसीएम खड़े टैंकर में पीछे से टकरा गई थी। खलासी की मौत हुई है, चालक गंभीर रूप से घायल है।
फोटो-12- आरजू उर्फ राजू (फाइल फोटो)