चकलवंशी। सरसों की फसल चर रहे छुट्टा मवेशी को युवक ने भगाने की कोशिश तो उसने हमला कर दिया। इससे युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
माखी थानाक्षेत्र के प्यारेपुर गांव निवासी अमृतलाल खेती करते हैं। बताया कि बृहस्पतिवार की रात बेटा रिंकू (20) सरसों की फसल की रखवाली करने गया था। फसल में छुट्टा मवेशी चर रहा था। उसे भगाया तो बेटे को कई बार उठाकर पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया कि गांव की गोशाला अधूरी बनी है, इसलिए छुट्टा मवेशी उसमें नहीं रोके जा रहे हैं। बाहर घूमकर ऐसे ही लोगों पर हमला कर रहे हैं। बेटे की मौत से मां रामपति और दो भाई बेहाल हैं। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।