हसनगंज। बिजली के पोल में बाइक टकराने से घायल सफाई कर्मी की बुधवार की सुबह लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के रवनहार गांव निवासी रोशनलाल (25) राजाजीपुरम, लखनऊ में किराये के घर में रहता था। मियागंज ब्लॉक के भरतपुर भड़ूवा गांव में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। मंगलवार को ड्यूटी कर बाइक से लखनऊ घर जाते समय पूरा बरौना गांव के पास बाइक बेकाबू होकर बिजली के पोल से टकरा गई। घटना में रोशनलाल गंभीर घायल हो गया था। परिजन लखनऊ के केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहे थे। बुधवार को दम तोड़ दिया। पति की मौत से पत्नी कुसुमा, बेटा रोहन, आर्यन सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि सफाई कर्मी की मौत हुई है, शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में होगा।