अचलगंज। भैंसई गांव में तीन दिन से लापता वृद्ध का शव एक किलोमीटर दूर आम के बाग में मिला। शव के पास ही कीटनाशक की शीशी और पानी की बोतल भी मिली है।
थानाक्षेत्र के भैंसई गांव निवासी रामआसरे उर्फ पुतई (66) 27 अक्तूबर से लापता थे। छोटे भाई रजोले ने बताया कि घर न आने पर तलाश की जब पता नहीं चला तो 29 अक्तूबर को भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन तलाश कर रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह रामआसरे का शव मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने गांव के ही वीरेंद्र द्विवेदी के आम के बाग में पड़ा देखा।
सूचना पर सीओ मधुपनाथ मिश्र, थानाध्यक्ष फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच जांच की। मौके से कीटनाशक दवा की खाली शीशी और पानी की बोतल पड़ी मिली हैं। रजोले ने पुलिस को बताया कि रामआसरे की पत्नी तपेश्वरी करीब 15 साल पहले बेटे राजेश के साथ पति को छोड़कर चली गई थीं। बाद में पता चला कि राजेश की किसी बैंक में नौकरी लग गई लेकिन उन लोगों ने भाई की देखभाल नहीं ली। इससे वह मानसिक परेशान भी रहने लगे थे।
थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि हुई है, विसरा सुरक्षित किया गया है।