सफीपुर। अलग-अलग स्थानों पर चार युवक झुलस गए। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक को डॉक्टर ने कानपुर हैलट रेफर किया है।
सफीपुर कोतवाली के देवागांव निवासी आकाश (35) मंगलवार को पड़ोसी रामशरण की मदद के लिए खेत पर गया था। रामशरण ने बताया कि आकाश सिंचाई के लिए लगा पंपिंग सेट चलाकर उसी के पास खड़ा हो गया, तभी पंपिंग सेट से अचानक चिंगारी उठी, जब तक आकाश कुछ समझ पाता पंपिंग सेट फट गया। इससे आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना में आसीवन थाना के कमलापुर गांव निवासी रामदास (22) नशे की हालत में दिवाली पर जलाई गई अलाय बलाय (पतावर या पिंजी) की आग में कूद गया। इससे वह झुलस गया। मियागंज सीएचसी लेकर पहुंचे पड़ोसी कमलेश ने बताया कि वह 30 प्रतिशत झुलस गया है। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
तीसरी घटना में आसीवन थाना के मकबूलखेड़ा गांव निवासी लालू (32) सोमवार की रात घर वालों के साथ पटाखे जला रहे थे। एक गोला हाथ में फट जाने से झुलस गया। कनिगांव निवासी आशीष (35) दोस्तों के साथ पटाखा छुड़ा रहा था। हाथ में पटाखा फटने से झुलस गया। दोनों को मियागंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।