फोटो-17-पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद दिवंगत सिपाही के पति बबलू की गोद में मासूम बेटी। संवाद
उन्नाव। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जमलदीपुर गांव के पास रविवार रात बाइक ब्रेकर पर उछली बाइक से गिरकर महिला सिपाही की मौत घटना से पुलिस महकमे में गम का माहौल रहा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में अंतिम विदाई और सलामी दी गई। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
मऊ जिले के थाना दोहरीघाट के गांव बरकोला की मूल निवासी प्रियंका यादव (27) पत्नी बबलू बांगरमऊ कोतवाली में तैनात थीं। बांगरमऊ कस्बे से लापता हुई युवती को खोजने के बाद 19 अक्तूबर को युवती के ही एक रिश्तेदार के साथ बाइक से जिला महिला अस्पताल मेडिकल कराने लाई थीं। उसे वन स्टॉफ सेंटर में छोड़ने के बाद रविवार रात 8:30 बजे कोतवाली बांगरमऊ लौट रही थीं। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जमलदीपुर गांव के पास ब्रेकर पर बाइक उछलने से सिपाही प्रियंका यादव चलती बाइक से गिर और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई थी।
सोमवार को मियागंज सीएचसी के डॉ. उमर फारुख और बांगरमऊ सीएचसी के डॉ. सागर सिंह ने वीडियोग्रॉफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव को पुलिस लाइन ले जाया गया। एसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ संतोष सिंह, बांगरमऊ कोतवाल चंद्रकांत सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने दिवंगत सिपाही को अंतिम विदाई। इस दौरान यहां मौजूद परिजन बेहाल रहे, पुलिस कर्मियों ने उन्हें को ढांढस बंधाया। एसपी ने कहा कि पुलिस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।सलामी के बाद शव को राजकीय वाहन और सलामी गार्द के साथ मऊ जिला भेजा गया।
मासूम बच्ची को देख लोग भावुक
उन्नाव। पोस्टमार्टम हाउस में एक तरफ महिला सिपाही के शव का पोस्टमार्टम हो रहा था, दूसरी ओर पिता की गोद में एक साल की मासूम बच्ची कभी उनके गालों को सहलाती तो कभी पास बैठी अन्य महिला सिपाहियों को देखती, मानो उसकी आंखें अपनी मां की तलाश कर रही हों लेकिन उसको जब मां नहीं दिखती तो फिर कमरे में साथ रहने वाली महिला सिपाही ज्योति की गोद में चली जाती। यह दृश्य देख मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ गए। महिला सिपाहियों की सहेलियां उसे सीने से लगाए रहीं।