फोटो-14-दीवार में लगाई गई सेंध दिखाता पीड़ित सर्वेश। संवाद
औरास। पूराचांद गांव में मंगलवार रात पुलिस गश्त करती रही और चोरों ने दो घरों में सेंध लगाकर जेवर और रुपये पार कर दिए। पीड़ितों के अनुसार दो लाख रुपये और चार लाख कीमत के जेवर चोरी हुए हैं। पहली घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस लेकिन सतर्क नहीं रही और सुबह पता चला कि एक और घर में चोरी हो गई। एक घर में चोरी के प्रयास में सफल नहीं हो सके।
औरास थाना क्षेत्र के पूराचांद निवासी किसान रामसजीवन के घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर मंगलवार की रात चोर घुस गए। चोरों ने अलमारी और बक्से में रखे करीब दो लाख के जेवर चुरा ले गए। रामसजीवन के मुताबिक रात करीब डेढ़ बजे लघुशंका के लिए उठे तो सामान बिखरा था।सूचना पर हल्का दरोगा महेंद्र सिंह, सिपाही आशीष ने जांच की और सेंध को रात में ही बंद करा दिया और गश्त की बात कहकर चले गए।
इसके बाद चोरों ने रामसजीवन के पड़ोसी सर्वेश के घर में सेंध लगाकर दो बक्से चुरा ले गए। पीड़ित के मुताबिक एक बक्से में कपड़े और दूसरे में दो लाख के जेवर थे। यूकेलिप्टस बिक्री के दो लाख रुपये घर बनवाने के लिए रखे थे। चोरों ने प्रसादी के घर में भी चोरी की कोशिश की लेकिन खटपट की आवाज सुन परिजनों की नींद खुली और चोर भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली को ट्वीट करते हुए घटना के खुलासे की मांग की है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया तहरीर मिली है। जांच चल रही है। जल्द खुलासा होगा।