नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम छह बजे कस्बे में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से साइकिल सवार श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के शीतलगंज मोहल्ला निवासी विजयशंकर (65) कुसुंभी मार्ग पर एक गेस्ट हाउस में मजदूरी करते थे। बृहस्पतिवार शाम वह मजदूरी का पैसा लेने गए थे। लौटते समय हाईवे पार करने के दौरान लखनऊ से आ रहे तेज रफ्तार खाली डंपर ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। पिता की मौत पर दो बेटे विशाल, आयुष और बेटी पूजा बेहाल हैं। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डंपर को चौकी पर खड़ा कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)