उन्नाव। पड़री-उन्नाव मार्ग पर बक्खाखेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज के पास बृहस्पतिवार की शाम पेपर लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठे चचेरे भाई और तीन साल के भांजे की हालत गंभीर है। दोनों कानपुर के हैलट में भर्ती हैं।
विज्ञापन
बंथर निवासी राजन ने बताया कि दही थाना क्षेत्र के गांव सुब्बाखेड़ा निवासी साला संदीप (23) बृहस्पतिवार को चचेरे भाई गणेश (25) के साथ बीमार भांजे रितिक (3) पुत्र विष्णु को बाइक से जिला अस्पताल दिखाने जा रहा था। पड़री-उन्नाव मार्ग पर बक्खाखेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज के पास पास जमुका स्थित पेपर मिल से पेपर लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना पर ललऊखेड़ा चौकी इंचार्ज रविशंकर मिश्र एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल लाए थे। डॉक्टर ने संदीप को मृत घोषित कर दिया था। गणेश और रितिक को कानपुर हैलट रेफर कर दिया। गणेश के दोनों पैर बेकार होने से डॉक्टर ने जांघ के पास से काट दिया है। रितिक के दाहिने पैर की हड्डी और नशे बाहर निकल आई हैं। डॉक्टर उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि ट्रक कब्जे में है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।