फोटो-16- प्रिंस (फाइल फोटो) स्रोत: परिजन
बांगरमऊ। उनाव-हरदोई मार्ग पर बुधवार की दोपहर आलमपुर रेतवा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर बैठे सात साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे चचेरे मामा और नाना सहित तीन लोग घायल हो गए। नाना और मामा को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
नगर के मोहल्ला नौनिहालगंज निवासी ऋतिक, पत्नी सोनी के साथ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। ऋतिक का बेटा प्रिंस (7) और बेटी परी (9) कानपुर नगर के थाना अरौल के गांव इंदलापुर निवासी नाना संतोष शर्मा के पास रहते थे। संतोष के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मऊ मंसूरपुर निवासी दूसरे दामाद अनिल के भांजे का बुधवार को दिवाई कार्यक्रम था।
संतोष बुधवार की सुबह दो बाइकों से परिवार के छह लोगों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने सफीपुर जा रहे थे। एक बाइक पर संतोष के भाई नंदकिशोर (52) और नाती प्रिंस बैठे थे। बाइक नंदकिशोर का बेटा सागर (20) चला रहा था। दूसरी बाइक पर संतोष और बेटी सपना (17) बैठे थे और बाइक संतोष का बेटा दीपक चला रहा था।
उन्नाव-हरदोई मार्ग पर आलमपुर रेतवा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने नंदकिशोर की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर निवासी मुंशीलाल की बाइक भिड़ गई। इस हादसे में सात साल के प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठे नंदकिशोर और उनका बेटा सागर और दूसरी बाइक सवार मुंशीलाल घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्रिंस को मृत घोषित कर पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल दूसरी बाइक सवार मुंशीलाल को अधिक चोट न होने से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बच्चे की मौत के बाद माता-पिता को फोन पर घटना की जानकारी दी गई है। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि हादसे में बच्चे की मौत हुई है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
फोटो-16- प्रिंस (फाइल फोटो) स्रोत: परिजन
फोटो-16- प्रिंस (फाइल फोटो) स्रोत: परिजन
फोटो-16- प्रिंस (फाइल फोटो) स्रोत: परिजन