पुरवा। तहसील में 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार महिला लेखपाल के कार्यालय का गुरुवार को एंटी करप्शन की टीम ने ताला तोड़वा दिया। टीम ने अपराध स्थल का नक्शा बनाया।
तहसील क्षेत्र के गांव मोहिनीखेड़ा निवासी श्रीराम की अकोहरी गांव के पास ली गई तीन बिस्वा जमीन को कॉमर्शियल करने के लिए धारा 80 के तहत लेखपाल की रिपोर्ट लगानी थी। इसके लिए लेखपाल ममता प्रजापति ने 75 हजार रुपये मांगे थे। श्रीराम ने यह बात अपने बेटे विधि छात्र अवधेश कुमार को बताई थी।
इस पर अवधेश कुमार ने लेखपाल को पकड़वाने के लिए एंटी करप्श्न से संपर्क किया था और 12 सितंबर को लेखपाल को 50 हजार रुपये घूस लेते पकड़वाया था। उस दिन रात भर आरोपी लेखपाल को मौरावां थाने में रखने के बाद 13 सितंबर को उसे एंटी करप्शन कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था।
गुरुवार को एंटी करप्शन से अरुनेश गुप्ता टीम के साथ तहसील पहुंचे। एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव से मिले, नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक हरिश्याम और नाजिर रिषभ के साथ कोतवाली के दरोगा विनोद सिंह को साथ लेकर लेखपाल के बंद कमरे का ताला तोड़वाकर वहां का नक्शा बनाया। एसडीएम ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम घटना स्थल का मौके का नक्शा बनाने आई थी। कमरे में नया ताला लगवाया गया है।