बैटरी, मोटर और प्लास्टिक के पंखे की मदद से मॉडल तैयार करते बच्चे। संवाद
पुरवा। ब्लॉक क्षेत्र के बनिगांव स्थित पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को इंजीनियरिंग एवं कार्यशाला गतिविधि में बच्चों ने डीसी पंखा बनाया। छात्रों ने समूह में काम करते हुए बैटरी, मोटर और प्लास्टिक के पंखे की मदद से मॉडल तैयार किया।
छात्रों ने सबसे पहले बैटरियों को आपस में जोड़ा। इसके बाद पाइप पर ग्लू गन की सहायता से मोटर चिपकाई और मोटर में प्लास्टिक का पंखा लगाया। सभी तारों को जोड़कर जैसे ही मोटर को बैटरी से जोड़ा गया, पंखा तेजी से घूमने लगा। बच्चों ने इस प्रयोग से बिजली और मोटर के काम करने के तरीके को समझा। साथ ही जरूरत के अनुसार कम खर्च में डीसी पंखा बनाने की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी पवन कुमार पांडेय व प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ने बताया कि बच्चों में कार्यकुशलता विकसित करने और करके सीखने की रुचि बढ़ाने के लिए इस तरह की गतिविधियां कराई जाती हैं। इससे बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान मिलता है।