फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: समय सीमा खत्म...न चाैराहे चाैड़े हुए और न ही बनी सड़क

विज्ञापन
-मियागंज चौराहे के चौड़ीकरण में बाधक बने विद्युत पोल। संवाद
विज्ञापन
उन्नाव। निर्माण परियोजनाओं की धीमी रफ्तार राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सफीपुर क्षेत्र के दुर्घटना बहुल स्थल मियागंज और चकलवंशी चौराहे के चौड़ीकरण का काम तय समय सीमा बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा गंजमुरादाबाद क्षेत्र में चकहनुमान से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड तक 10 किमी लंबे मार्ग का निर्माण भी अधूरा है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत वाली तीनों परियोजनाओं में लगभग आधा काम बाकी है।
विज्ञापन


निर्माणाधीन सड़कों पर बिछी नुकीली गिट्टी से दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं और टायर पंक्चर हो रहे हैं। कई जगह खुदाई के कारण भी लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग निर्धारित समय में काम पूरा नहीं करा सके हैं।

मियागंज चौराहे पर 19 हादसे, 10 लोगों की मौत, फिर भी चौड़ीकरण अधूरा

सफीपुर। मियागंज चौराहे से बांगरमऊ-लखनऊ और उन्नाव-संडीला मार्ग निकलते हैं। प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। वर्ष 2025 में चौराहे पर 19 दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 10 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए करीब दो करोड़ रुपये से चौड़ीकरण की योजना स्वीकृत की गई।
विज्ञापन


अक्तूबर 2025 में शुरू हुए कार्य के तहत चौराहे के चारों ओर करीब पांच-पांच मीटर चौड़ीकरण किया जाना था। 12 माह में काम पूरा होना था, लेकिन अक्तूबर 2026 के बाद भी परियोजना अधूरी है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अजीज अंसारी ने बताया कि उन्नाव-संडीला मार्ग पर बिजली के दो खंभे लगे हैं। इन्हें शिफ्ट कराने के लिए बिजली निगम को पत्र भेजा गया है। खंभे हटने के बाद ही काम आगे बढ़ सकेगा। मियागंज के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अवर अभियंता के स्थानांतरण के कारण काम प्रभावित हुआ था। नए जेई ने कार्यभार संभाल लिया है। एक सप्ताह में खंभे शिफ्ट करा दिए जाएंगे।
चकलवंशी में 20 हादसे, 14 लोगों की मौत के बाद भी काम अधूरा

चकलवंशी। सफीपुर ब्लॉक क्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर स्थित चकलवंशी चौराहे से लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, संडीला, सीतापुर, रायबरेली और प्रयागराज समेत कई शहरों के लिए वाहन गुजरते हैं। वाहनों के दबाव के चलते यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पिछले एक साल में चौराहे पर 20 हादसे हुए, जिनमें 14 लोगों की मौत हो गई थी।

इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने जून 2025 में 2.08 करोड़ रुपये की लागत से चौराहे के चारों ओर चौड़ीकरण का काम शुरू कराया था। जून 2026 तक कार्य पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा है। चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे की गई खुदाई भी अब तक पूरी नहीं की गई है।

21 करोड़ की सड़क में पांच किमी काम बाकी

गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के पास ग्राम हैबतपुर से चकहनुमान तक 10 किमी लंबे मार्ग के निर्माण के लिए करीब 21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। 20 फरवरी को विधायक श्रीकांत कटियार ने कार्य का शुभारंभ किया था।

निर्माण के तहत सड़क की खुदाई कर गिट्टी बिछाई गई और रोलर चलाया गया, लेकिन वाहनों की आवाजाही से गिट्टी उखड़कर ऊपर आ गई। इससे दोपहिया वाहनों के टायर पंक्चर हो रहे हैं और फिसलने से लोग घायल हो रहे हैं। अब तक पांच किमी सड़क ही बन सकी है। शेष पांच किमी का काम बाकी है।

अधूरी सड़क से हरईपुर, ब्योलीइस्लामाबाद, गोवा पट्टी, भिक्खनपुर गोपालपुर, मंगूखेड़ा, चकहनुमान, रोशनाबाद, महोलिया, चहोलिया, जटपुर बेल्थरा, हयातनगर, महमदाबाद, कलवारी, तहिरापुर, मदारपुर, हैबतपुर और दसगवां समेत आसपास के गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। जेई शिवेंद्र यादव ने बताया कि निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।

लापरवाही पर ठेकेदारों को जारी करेंगे नोटिस

पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन हरदयाल अहिरवार ने बताया कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाली परियोजनाओं की एई और जेई से जानकारी ली जाएगी। ठेकेदारों की लापरवाही मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। निगरानी में कमी मिलने पर विभागीय अधिकारियों से भी जवाब तलब होगा। सभी निर्माण कार्य जल्द पूरे कराए जाएंगे।

-मियागंज चौराहे के चौड़ीकरण में बाधक बने विद्युत पोल। संवाद

-मियागंज चौराहे के चौड़ीकरण में बाधक बने विद्युत पोल। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें