-खस्ताहाल ओहरापुर-कौड़ियां संपर्क मार्ग से निकलता बाइक सवार। संवाद
हसनगंज। विकास खंड के नवई-नेवाजीखेड़ा-ओहरापुर-कौड़ियां संपर्क मार्ग के नवनिर्माण के लिए 28 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है। लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क की मरम्मत की ग्रामीण मांग कर रहे थे। अब जिला पंचायत ने बजट स्वीकृत करते हुए टेंडर प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है।
नवई-नेवाजीखेड़ा-ओहरापुर-कौड़ियां संपर्क मार्ग की लंबाई करीब 1200 मीटर है। सालों से यह मार्ग बदहाल है। गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 21 जुलाई को ग्रामीणों ने मार्ग के बड़े गड्ढों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करके रोड नहीं तो वोट नहीं की बात कही थी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। अब जिला पंचायत ने मार्ग की सुध ली है। इस मार्ग के नवनिर्माण के लिए 28 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जगन कुमार ने बताया कि मार्ग का जल्द निर्माण कराने के लिए टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है।